कचहरी पार्किंग के कार्य दो दिन में कराएं जाएं पूरे : नगर आयुक्त

 


कानपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कचहरी मल्टीलेवल पार्किंग के शेष कार्य दो दिन में पूरे कराए जाएं और फूलबाग डिजिटल लाइब्रेरी का काम तय समयसीमा में पूरा किया जाए। सीएम ग्रिड सड़क निर्माण में तेजी लाते हुए 24 घंटे काम कराया जाए। ये निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान दिए।

नगर आयुक्त ने परमट चौराहे से परेड होते हुए घंटाघर तक सीएम ग्रिड सड़क निर्माण का जायजा लिया। ग्रीन पार्क चौराहे पर चैंबर निर्माण का काम चल रहा था। दूसरे हिस्से में केस्को से अनापत्ति मिलने का इंतजार था। इस पर उन्होंने तत्काल अनापत्ति देकर काम शुरू कराने और लगातार निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रात में दोबारा निरीक्षण करने की बात कही।

कचहरी के पास सदर तहसील के पीछे बनी मल्टीलेवल पार्किंग में 334 कार और 100 मोटरसाइकिल खड़ी करने की व्यवस्था है। करीब 47.83 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना में भूतल पर 11 दुकानें, अलग प्रवेश और निकास द्वार तथा चारों ओर सीसी रोड बनाई गई है। छत पर कैफेटेरिया भी प्रस्तावित है। नगर आयुक्त ने पीछे की ओर बाउंड्रीवाल का काम जल्द शुरू कराने को कहा। पार्किंग शुरू होने से कचहरी और पुलिस लाइन के आसपास जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

इसके बाद फूलबाग स्थित गांधी भवन की ई-डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। यहां खिड़कियों का सौंदर्यीकरण, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, खुले स्थान ढकने और क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। काम में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित संस्था को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी। काम पूरा होने तक लाइब्रेरी शाम सात बजे तक खुली रहेगी।

नगर आयुक्त ने फूलबाग गेट और एलआईसी चौराहे के पास सार्वजनिक शौचालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सफाईकर्मियों और वाहन चालक के मोबाइल नंबर साझा करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सफाई कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप