मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 : चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

 


प्रशासनिक अधिकारियों ने परखा सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा

मथुरा, 28 जुलाई (हि.स.)। प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में मेले के दृष्टिगत मंगलवार शाम को शीर्ष प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग व आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह आगरा, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) आगरा जोन शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह मथुरा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार मथुरा, एसपी ग्रामीण सुरेश चन्द्र रावत और सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने परिक्रमा मार्ग पर पैदल चलकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं, सुगम यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए की गई जनसुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मेले की संवेदनशीलता को पूरी तरह ध्यान में रखते हुए मुख्य सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परिक्रमा मार्ग की पल-पल की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सभी संबंधित पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और व्यवस्थाओं को हर हाल में चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के कड़े दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों और परिक्रमार्थियों के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय मुआयना किया, जिसमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सेवाएं, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति, भंडारे, शौचालय, बैरियर और बैरिकेडिंग, वॉच टावर और प्रकाश (लाइटिंग) व्यवस्था शामिल रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुदृढ़, सुगम और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार