मुड़िया पूर्णिमा मेला : सुरक्षा और सुविधाओं के लिए बिछाया जाल, 1100 बसें और 9000 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

 


मथुरा, 02 मई(हि.स.)। गोवर्धन के प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार शाम गोवर्धन में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप और डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मेले की विशालता को देखते हुए पूरे क्षेत्र को 09 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

मंडलायुक्त ने समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। भंडारों की अनुमति नियमानुसार दी जाए और सफाई व्यवस्था के लिए परिक्रमा मार्ग को सेक्टर वार बांटकर निगरानी की जाए।

--सुरक्षा व्यवस्थाः अभेद्य किले में तब्दील होगा मेला क्षेत्रवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। लगभग 9,000 कांस्टेबल-हेड कांस्टेबल, 550 सब इंस्पेक्टर और 100 निरीक्षक। निगरानी के लिए 183 सीसीटीवी कैमरे और 31 वाच टावर। 06 स्थाई और 37 अस्थाई पुलिस चौकियां स्थापित की जाएगी। एसडीआरएफ की 1 टीम, पीएसी की 2 कंपनियां और पीएसी फ्लड की 2 प्लाटून तैनात रहेंगी।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग की एक-एक लाइट चालू होनी चाहिए। खराब लाइटों को तत्काल बदलने के आदेश दिए गए हैं।

पेयजल व स्वच्छता: 140 हैंडपंप, 30 पानी के टैंकर, 17 आरओ सिस्टम और 25 मोबाइल टॉयलेट। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए 1100 रोडवेज बसें लगाई जाएंगी और 61 पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।

--स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाएंमुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का विशेष जाल बिछाया जाएगा। 22 चिकित्सा शिविर और 16 अस्थाई सहायता केंद्र। 14 एम्बुलेंस (108 सेवा सहित) और 05 मोटरसाइकिल एम्बुलेंस। अग्नि सुरक्षा के लिए 19 अग्नि शमन वाहन।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त मेला क्षेत्र को तत्काल अतिक्रमण मुक्त किया जाए। इस बार मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं गोवर्धन, राधाकुंड और बरसाना के अधिशासी अधिकारियों को अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाकर स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग को समय रहते सड़कों के गड्ढे भरने और पार्किंग में चकर्ड प्लेट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, एसएसपी श्लोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार