पांच सरकारी प्राथमिक विद्यालय केवल कागजों पर संचालित होने पर आआप ने मुख्यमंत्री से की कारवाई की मांग

 


जौनपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को जौनपुर में प्रेसवार्ता की। इस दौरान सांसद ने पांच सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के केवल कागजों पर संचालित होने और जमीन से गायब मिलने का गंभीर आरोप लगाया है।

सांसद ने नगर शिक्षा अधिकारी की एक चिट्ठी का हवाला देते हुए दावा किया कि जौनपुर के पांच प्राथमिक विद्यालय सिर्फ कागजों पर चल रहे हैं। उनमें ढालगर टोला प्राथमिक विद्यालय, मिश्रीपुर कन्या प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट गरदन अजानी प्राथमिक विद्यालय, उर्दू बाजार प्राथमिक विद्यालय और बाग हाशिम विद्यालय शामिल हैं।

ये स्कूल किराए के मकानों में चल रहे थे और उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है। सरकारी रिकॉर्ड में इन स्कूलों का नाम और संचालन दर्ज है, लेकिन मौके पर इनकी बिल्डिंग का पता नहीं चलता है। स्कूलों में बच्चों की संख्या, शिक्षकों की मौजूदगी और वास्तविक संचालन तक की जानकारी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां के जिलाधिकारी ने लीपापोती करने की कोशिश की है।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों के जर्जर भवन को सुधारने की मांग की है। अगर स्कूल गायब हुए हैं तो मुकदमा उन लोगों पर होना चाहिए जिन्होंने स्कूलों को गायब किया है। स्कूलों का सच सामने लाने वाले उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

संजय सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्कूलों की जिम्मेदारी विकासखंड स्तर के अधिकारियों की होती है। इसलिए मामले की जांच कर संबंधित खंड विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जहां जिलाधिकारी की भूमिका सामने आए, वहां उनकी जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र