शिवानंद चौरसिया के परिजनों से मिले भाजपा सांसद, एक लाख रुपये की दी आर्थिक सहायता
देवरिया, 25 जून (हि.स.) । अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान जान गंवाने वाले जनपद देवरिया के सुरौली निवासी युवक शिवानंद चौरसिया के परिजनों से गुरुवार को देवरिया सदर सांसद शशांक मणि ने मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
सांसद शशांक मणि दिवंगत शिवानंद चौरसिया के पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से भेंट कर दुख की इस घड़ी में उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि शिवानंद की असमय मृत्यु न केवल परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए अत्यंत दुखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और समाज पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ा है। सांसद ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि परिवार की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि यह सहयोग परिवार के दुख की भरपाई नहीं कर सकता, लेकिन संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने का एक छोटा प्रयास है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, जिला महामंत्री प्रमोद शाही, जिला मंत्री डॉ. हेमंत मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजन यादव, राकेश शुक्ला, सुधीर श्रीवास्तव, अभिषेक मिश्रा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के अंत में सांसद शशांक मणि ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि शिवानंद की स्मृतियां सदैव लोगों के बीच जीवित रहेंगी और उनका संघर्ष तथा जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक