सांसद हेमा ने नृत्य नाटिका पेश कर किया ब्रज-रज उत्सव 2026 का शुभारंभ

 


वृंदावन: स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में भव्य आगाज

मथुरा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में शुक्रवार शाम को पद्मश्री एवं सांसद हेमा मालिनी की मनमोहक प्रस्तुति नृत्य नाटिका मां गंगा के साथ ब्रज-रज उत्सव 2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार आगाज हुआ। इस भव्य प्रस्तुति के माध्यम से मां गंगा की महिमा, उनके अवतरण, चार युगों की यात्रा और नदियों के संरक्षण व स्वच्छता का प्रभावी संदेश दिया गया।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुभारंभ

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद तेजवीर सिंह, संत विजय कौशल महाराज, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और सीईओ लक्ष्मी नागप्पन सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत श्री विजय कौशल महाराज ने की।

सजीव हुआ गंगा का अवतरण और चार युगों की यात्रा

सर्वप्रथम गणेश वंदना के पश्चात सांसद हेमा मालिनी ने मां गंगा की मुख्य भूमिका में तीन दर्जन से अधिक कलाकारों के साथ एक अद्भुत नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इसमें राजा भगीरथ की तपस्या, उनके संकल्प और भगवान शिव द्वारा अपनी जटाओं में गंगा को धारण करने की पौराणिक कथा को सजीव किया गया।

नृत्य नाटिका में गंगा की यात्रा को चार युगों के परिप्रेक्ष्य के साथ-साथ वर्तमान समय में प्रदूषण की समस्या से भी जोड़ा गया। भावपूर्ण दृश्यों के जरिए यह दर्शाया गया कि मानवीय लापरवाही और प्रदूषण से आज मोक्षदायिनी गंगा कैसे आहत हैं, और यमुना सहित सभी नदियों को स्वच्छ व संरक्षित रखने की कितनी आवश्यकता है।

दिग्गज हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर संत बलराम दास महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ, डॉ. आदित्यानंद महाराज, श्रीवत्स गोस्वामी, महंत सुंदर दास महाराज, विधायक पूरन प्रकाश, आगरा रेल मंडल के डीआरएम गगन गोयल और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

धौलीप्याऊ में 24 अक्टूबर से शुरू होगी उत्सव की अन्य गतिविधियां

इस वर्ष ब्रज-रज उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम मथुरा के साथ-साथ वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में भी आयोजित हो रहे हैं। मथुरा के धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर कल यानी 24 अक्टूबर से उत्सव की अन्य रंगारंग गतिविधियां शुरू होंगी, जहां शनिवार को वंदनाश्री और ईशान मिश्रा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार