रामभद्राचार्य के हिंदू राष्ट्र बनाने वाले बयान पर भड़के सपा सांसद बर्क , बोले - नहीं आएंगी 470 सीटें

 


संभल, 3 नवंबर (हि.स.)। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी के हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए लाेकसभा में 470 सीटें जीतने संबंधी बयान पर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्हाेंने इस बयान काे देश काे ताेड़ने वाला बताते हुए कहा कि न कभी 470 सीटें आएंगी और न ही देश धार्मिक राष्ट्र बनेगा। ऐसे बयान उन लोगों की सोच को दर्शाता है, जो देश में विभाजनकारी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।

सोमवार को संभल में दीपा सराय स्थित अपने आवास पर सांसद बर्क ने पत्रकाराें से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आरएसएस देश में लोगों को बांटने का काम कर रहा है, जिससे भेदभाव बढ़ रहा है और एकता प्रभावित हो रही है। सपा सांसद बर्क ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के सुर में सुर मिलाते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्हाेंने आगे कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में सभी समुदायों के बुजुर्गों ने हिस्सा लिया था और संविधान किसी एक धर्म के लिए नहीं बना है। उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी के बयान काे उन स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान बताया और कहा कि भारत सभी का राष्ट्र है और इसकी खूबी यही है कि सभी को यहां मिलकर रहना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar