किसानों के हित में सांसद अनुराग शर्मा की बड़ी पहल, ऊर्जा व कृषि मंत्री को लिखे पत्र
--सिंचाई सुविधा सरल बनाने और सोलर फेंसिंग योजना में बदलाव की मांग
झांसी, 17 मार्च (हि.स.)। झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार के समक्ष अहम मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को पत्र भेजकर सिंचाई और फसल सुरक्षा से जुड़े सुधारों की मांग की है।
सांसद ने ऊर्जा मंत्री को लिखे पत्र में बुंदेलखंड की जल संकट की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि रबी फसल कटाई के बाद किसान मूंग, उड़द व अरहर की बुवाई करते हैं, जिसके लिए मार्च से जून के बीच अस्थायी विद्युत कनेक्शन की आवश्यकता होती है। उन्होंने प्रक्रिया को सरल बनाते हुए न्यूनतम शुल्क पर कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं कृषि मंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने “सोलर फेंसिंग सुरक्षा योजना” में व्यावहारिक सुधार का सुझाव दिया। सांसद ने कहा कि वर्तमान में 10 हेक्टेयर क्लस्टर की अनिवार्यता के कारण छोटे किसान योजना से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने 2 एकड़ या अधिक भूमि वाले व्यक्तिगत किसानों को भी योजना का लाभ देने की मांग की।
सांसद ने विश्वास जताया कि इन सुधारों से बुंदेलखंड के हजारों किसानों को राहत मिलेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। सांसद ने विश्वास जताया कि इन सुधारों से किसानों की आय बढ़ेगी और फसल सुरक्षा मजबूत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया