पंचायत सहायकों के वृहद आंदोलन में पहुंची डॉ. पल्लवी पटेल, मांगों का किया समर्थन

 


लखनऊ, 14 सितंबर (हि.स.)। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले मानदेय बढ़ाने और सेवा संबंधी अन्य मांगों को लेकर लखनऊ स्थित इको गार्डन में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में सोमवार को अपना दल (कमेरावादी) की नेता व सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल पहुंची।

उन्होंने प्रदेश भर के विभिन्न जनपदों से आए पंचायत सहायकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेरिट के आधार पर चयनित पंचायत सहायकों के रोजी-रोटी एवं सम्मान की लड़ाई है। उनकी मांगे बिल्कुल जायज और नियम संगत है। जिसे तत्काल प्रदेश सरकार को मान लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार पंचायत सहायकों की मांगों पर तत्काल सुनवाई नहीं करती है तो आर पार की लड़ाई के साथ निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में अपना दल कमेरावादी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी एल पटेल, प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, रामशिला पटेल, अजय सिंह आदि पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक