देवरिया : पीईटी परीक्षा दिलाकर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत, साढू की बेटी घायल

 


देवरिया, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 5:30 बजे पोखरभिंडा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे राजाराम प्रसाद (35) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठी मुस्कान प्रसाद घायल हो गईं। राजाराम साढ़ू की बेटी मुस्कान काे देवरिया से पीईटी की परीक्षा दिलाकर गोरखपुर लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के टिकर गांव निवासी राजाराम प्रसाद रविवार को वह अपने साढू विनोद प्रसाद की बेटी मुस्कान प्रसाद को पीईटी की परीक्षा दिलाने देवरिया आए थे। मुस्कान का परीक्षा केंद्र शहर के सीसी रोड स्थित दीनानाथ राजकीय महिला महाविद्यालय दिलाकर वापस घर जाते समय अभी वे गौरीबाजार थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।

दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान राजाराम प्रसाद की मौत हो गई। वहीं, मुस्कान की उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंच गए। पुलिस अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल अजय राय से बात की गई उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक