सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
हाथरस, 31 अगस्त (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र में सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। हादसा ऊंचागांव-सैनपुर बंबा के पास शाम करीब पांच बजे हुआ। बताया गया कि पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुरसान क्षेत्र के सैनपुर गांव निवासी विनीत कुमार (23) पुत्र धर्मवीर सिंह अपने चचेरे भाई पुष्पेंद्र कुमार पुत्र योगेंद्र सिंह के साथ बाइक से ऊंचागांव की ओर जा रहे थे। दोनों जैसे ही सैनपुर-ऊंचागांव बंबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति में आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दोनों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों घायलों को सड़क से उठाया और उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने विनीत काे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुष्पेंद्र कुमार का उपचार किया गया। उसकी स्थिति के संबंध में चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना