बाइक सवार युवकों की बाइक खाई में गिरी, एक की मौत

 


बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड़ पर पवई गांव के पास हुआ हादसा

हमीरपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक बाइक असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक में बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप् से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को महोबा जिले के रिवई गांव निवासी पवन अपने साथी राजकुमार निवासी झिन्नावीरा थाना मझगवां के साथ बाइक में बैठकर जरिया थाने के पवई गांव में आयोजित एक शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर पवई गांव जाते समय अचानक से बाइक का संतुलित बिगड़ गया। जिससे बाइक खाई में जा गिरी। हस हादसे में बाइक चला रहे राजकुमार की मौत हो गई। जबकि पवन घायल हो गया। परिजनों ने बताया कि राजकुमार हरियाणा के रोहतक में मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। थानाध्यक्ष जरिया मनोज पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा