ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
आगरा रोड पर गांव ग़ुरसौटी के निकट हुआ दर्दनाक हादसा
ननिहाल कुरसंडा में आयोजित शादी समारोह से आगरा लौट रहा बाइक सवार युवक
हाथरस, 23 जुलाई (हि.स.)। आगरा रोड पर गुरसौटी बंबा के निकट गुरुवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सादाबाद की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, आगरा के बोदला निवासी रवि कुमार कुशवाहा पुत्र नानक चंद्र बुधवार को सादाबाद के गांव कुरसंडा में आयोजित एक शादी समारोह में भाग लेने अपनी ननिहाल आया था। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे वह बाइक से कुरसंडा-गुरसौटी बंबा मार्ग होते हुए वापस आगरा लौट रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर पहुँचा, तभी सादाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही ननिहाल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन आगे राहगीरों ने उसे घेरकर रोक लिया। हालांकि, चालक वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुटने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना