अजन्मी बेटियों के लिए मातृ शक्ति ने किया महा तर्पण : नीलिमा कटियार
कानपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। पुत्रमोह के कारण जिन बेटियों को जन्म लेने से पहले ही दुनिया से विदा कर दिया गया, उनके लिए रविवार काे यहां जलदान और पिंडदान किया जा रहा है। साथ ही कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ समाज को जागरूक करने का संकल्प भी लिया जा रहा है। आज हम यहां कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति का भी तर्पण कर रहे हैं। यह बातें विधायक नीलिमा कटियार ने रविवार को सरसैया घाट पर अजन्मी बेटियों के लिए आयोजित महा तर्पण कार्यक्रम में कहीं।
युग दधीचि देहदान संस्थान के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं ने विधि-विधान से अजन्मी बेटियों के लिए तर्पण और पिंडदान कर उनकी आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना की। कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर पूर्व महापौर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण ने शुभारंभ किया।
समारोह संयोजक मनोज सेंगर और माधवी सेंगर ने आमंत्रित अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। मुख्य पूजन राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता और पूनम द्विवेदी ने किया। कलश पूजन नंदिता मिश्रा और सुमित मिश्रा ने किया। देवपूजन डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. अलका दीक्षित, गीता बाजपेई और साधना महाना ने किया।
पितृ पूजन पं. शेषनारायण त्रिवेदी पप्पू भैया और डॉ. वीसी रस्तोगी ने किया। गायत्री परिवार की पुष्पलता अवस्थी और उनकी सहयोगी बहनों ने भी तर्पण किया। डॉ. प्रतिभा बंधु, कामिनी दास, पुष्पलता मिश्रा, रमा राय, विमल राय, अंबिका श्रीवास्तव, सीमा अग्रवाल, प्रीति मिश्रा, छाया, गौरी, श्रेया और सरला शुक्ला समेत 40 से अधिक महिलाओं ने पिंडदान किया।
आयोजन में अमर शहीदों और दिवंगत देहदानियों के लिए भी तर्पण किया गया। इसके बाद पितरों की महाआरती की गई और कार्यक्रम का समापन हुआ। अनिल राय और सुधीर महाना स्वागताध्यक्ष रहे। कार्यक्रम में संजय भारती, रवि तिवारी, पं. सुमित मिश्रा गोल्डी, पीयूष, गौतम, अभिषेक, दीपक, शांतिभूषण यादव, उत्कर्ष और रिमझिम का विशेष सहयोग रहा।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप