पीएम श्री विद्यालय पुराकलां में लगा मदर मेला, माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच

 


ओरैया, 14 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विकास खंड सहार के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पुराकलां में मदर मेले का आयोजन किया गया। मेले में माताओं, दादी-नानी और महिला अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति का सम्मान करने के साथ महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालय और समुदाय के बीच समन्वय को मजबूत बनाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला अभिभावकों के स्वागत और सम्मान के साथ हुआ। मेले में माताओं और बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित सामग्रियों तथा आकर्षक कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इन रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, बच्चों और माताओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। आयोजन के माध्यम से महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया गया।

मदर मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें स्थानीय महिला चिकित्सक के सहयोग से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। महिला अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में उपयोगी बताया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार