कंटेनर की टक्कर से मां-बेटी की मौत, पति गंभीर
कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंती बाईपास के पास शनिवार को तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसकी आठ माह की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सचेण्डी थाना क्षेत्र के जुगराजपुर निवासी सुमित अपनी पत्नी संजना उर्फ दीक्षा (25) और आठ माह की बेटी अनन्या उर्फ रितिका के साथ बाइक से बच्ची की दवा लेने जा रहे थे। भौंती बाईपास के पास पीछे से आए कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुमित उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि संजना और बच्ची कंटेनर की चपेट में आ गईं। गंभीर चोटें लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने कंटेनर रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर सचेण्डी, कल्याणपुर और पनकी थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे की खबर पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पत्नी और बेटी की मौत से सुमित बदहवास हो गए।
परिजनों ने बताया कि पिछले रविवार को ही बच्ची का मुंडन संस्कार कराया गया था। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया। जिस बेटी की दवा लेने के लिए सुमित पत्नी के साथ निकले थे, उसे हमेशा के लिए खो देने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
संजना के पिता राम कृष्ण सिंह ने कंटेनर चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस को लिखित तहरीर दी जाएगी। वहीं, संजना के ससुर अशोक सिंह ने भी बहू और पोती की मौत पर दुख जताते हुए मुआवजे की मांग उठाई। उनका कहना था कि थाने में तहरीर देने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है।
चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने हाईवे की लिंक रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप