मां-बेटी संवाद' और वेलनेस काउंसलिंग सेंटर से छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित माहौल : डॉ. संजीव गुप्ता
कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.) छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'मां-बेटी संवाद' और वेलनेस काउंसलिंग सेंटर के माध्यम से ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा, जहां बेटियां बिना किसी डर या संकोच के अपनी हर समस्या साझा कर सकें और सुरक्षित महसूस करें। यह बातें बुधवार को चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।
चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर दो नई पहल शुरू करने जा रहा है। विश्वविद्यालय में जल्द ही 'मां-बेटी संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही छात्राओं को परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए 'वेलनेस काउंसलिंग सेंटर' भी स्थापित किया जाएगा।
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि कई बार छात्राएं सुरक्षा, स्वास्थ्य, शारीरिक बदलाव या अन्य व्यक्तिगत समस्याओं पर खुलकर बात नहीं कर पाती हैं। ऐसे में 'मां-बेटी संवाद' कार्यक्रम उन्हें अपनी मां और विशेषज्ञों के साथ खुलकर चर्चा करने का अवसर देगा। उनका मानना है कि छात्राओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल तैयार करना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित वेलनेस काउंसलिंग सेंटर में प्रशिक्षित काउंसलर और विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे, जो छात्राओं की मानसिक, भावनात्मक और व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर उन्हें उचित परामर्श देंगे। यदि किसी छात्रा को असुरक्षा या किसी अन्य प्रकार की परेशानी महसूस होती है तो वह इस सेंटर से गोपनीय रूप से सहायता प्राप्त कर सकेगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्राओं को आत्मविश्वासी और मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उनका कहना था कि जब छात्राएं सुरक्षित, तनावमुक्त और आत्मविश्वास से भरपूर होंगी, तभी वे अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन करते हुए समाज और देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप