अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले शिवानंद चौरसिया का पार्थिव शरीर पहुंचा देवरिया

 












देवरिया, 17 जून (हि.स.)। अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले देवरिया जनपद के सुरौली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया का पार्थिव शरीर बुधवार की देर शाम उनके पैतृक गांव पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की नम आंखों ने माहौल को बेहद भावुक बना दिया। वहीं शव गांव पहुंचने के बाद स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब परिजनों ने पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से उतारने से इंकार कर दिया। परिवार ने मृतक के आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई। मृतक की पत्नी ने प्रशासन से परिवार के लिए स्थायी सहायता सुनिश्चित करने की अपील की।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। अधिकारियों ने परिजनों से लगातार संवाद कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

देर शाम जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर स्वयं सुरौली पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना।

जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि परिवार द्वारा प्रस्तुत मांगपत्र को शासन तक भेजा जाएगा तथा जो भी सहायता शासन स्तर पर संभव होगी, उसे उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों का गांव पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों ने परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया।

शिवानंद चौरसिया की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग सुरौली पहुंच रहे हैं और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

जिलाधिकारी मकसूदन हुल्की ने बताया कि मांग पत्र को शासन को भेजी जाएगी । पूरी तरह मदद की जाएगी ।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक