यूपी में 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र, सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आगामी 26 जनवरी तक प्रदेश में एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने बताया कि 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और अन्य विभागों में भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी।
- 25 लाख टैबलेट वितरण के दूसरे चरण का शुभारंभ, लखनऊ मंडल के 50 हजार से अधिक युवाओं को मिले टैबलेट
- मुख्यमंत्री बोले- साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दीं, अब 42 हजार होमगार्ड को भी जल्द नियुक्ति पत्र देने की तैयारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आगामी 26 जनवरी तक प्रदेश में एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने बताया कि 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और अन्य विभागों में भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह घोषणा लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ करते हुए की। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए।
42 हजार होमगार्ड को दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, कुशल खिलाड़ियों के लिए 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियां की गई हैं।
उन्होंने 8,000 लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास है। शिक्षा विभाग और विभिन्न भर्ती आयोगों के माध्यम से भी नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित 50 से 55 हजार युवाओं की संख्या से लगभग दोगुने युवाओं को 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है।
सपा पर हमला, बोले- पहले भर्ती निकलते ही वसूली के लिए निकलती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों को लेकर पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का बोलबाला था। कोई भर्ती निकलती थी तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। बिना खर्ची-पर्ची नौकरी मिलना मुश्किल था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी को चार बार सरकार चलाने का अवसर मिला, लेकिन वह युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं दे सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं। नकल माफिया और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
टैबलेट में 18 हजार से अधिक कोर्स, AI और डीप टेक की भी पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से कहा कि यह उपकरण केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की कुंजी है।
उन्होंने युवाओं से टैबलेट का इस्तेमाल ज्ञान अर्जित करने, नवाचार और कौशल विकास के लिए करने की अपील की।
सीएम योगी ने बताया कि इन्फोसिस के सहयोग से टैबलेट में 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इनमें योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीप टेक और अन्य आधुनिक विषय शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि युवा डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से देश-दुनिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपनी रुचि के अनुसार नए कौशल विकसित कर सकते हैं।
युवा साथी ऐप से मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में उपलब्ध युवा साथी ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
इनमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की जरूरतों को देखते हुए स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि पढ़ाई और कौशल विकास में इसका अधिक उपयोग हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत की गई थी। उस समय कोरोना महामारी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित हो रही थीं।
सरकार ने दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य निर्धारित किया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण वितरित किए जा चुके हैं।
'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने कहा, "नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।"
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब माफिया का राज नहीं, बल्कि कानून का राज है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने सुरक्षा, निवेश और रोजगार के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया है। इससे युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।
हर जिले में बनेगा सरदार पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उद्यमी बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ क्षेत्रफल में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है।
उन्होंने दावा किया कि देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन सकें।
HCL से लेकर ब्रह्मोस और AK-203 तक युवाओं को अवसर
मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल इकाई का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 में वहां केवल 100 लोग कार्यरत थे, जबकि अब 18 हजार युवा काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना में भी प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के माध्यम से 500 युवाओं का चयन किया गया है।
इसके अलावा अमेठी में एके-203 राइफल के निर्माण और कानपुर में उसके पुर्जों के उत्पादन से भी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
बिरसा मुंडा और विवेकानंद से प्रेरणा लेने का आह्वान
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने महज 25 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष कर मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा का संदेश दिया था।
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपने कौशल, ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में करने का आह्वान किया।
18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि जो युवा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता बनना केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा और दयाशंकर सिंह उपस्थित रहे।
इसके अलावा राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी एवं रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी समेत लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।