पंचायत चुनाव : सूची से हटाए जाएंगे 50 हजार से अधिक डुप्लीकेट वोटरों के नाम

 


मुरादाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। पंचायत चुनाव को लेकर जिले के बीएलओ ने करीब 4.64 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया है। इसमें 50 हजार से अधिक मतदाता डुप्लीकेट पाए गए हैं। इन वोटरों के नाम शीघ्र सूची से हटाए जाएंगे। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य लगभग पूरा हो गया है। वही 15 अप्रैल को अनंतिम सूची प्रकाशित होगी।

चुनाव आयोग ने एआई के माध्यम से जांच कर 4.66 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी थी। इसमें मुरादाबाद ब्लॉक के 38825, मूंढ़ापांडे ब्लॉक के 56046, भगतपुर टांडा ब्लॉक के 59099, ठाकुरद्वारा ब्लॉक के 48644, डिलारी ब्लॉक के 61898, बिलारी ब्लॉक के 64261, कुंदरकी ब्लॉक के 78779 और छजलैट ब्लॉक के 58553 मतदाता शामिल हैं।

इस मामले में जिला प्रशासन ने अभियान चलाकर 4.64 लाख से अधिक मतदाताओं का सत्यापन कराया है। अभी लगभग दो हजार हजार मतदाताओं का सत्यापन करना बाकी है। सत्यापन के दौरान 50 हजार से अधिक मतदाता डुप्लीकेट पाए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने शनिवार को बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सिर्फ दो हजार मतदाताओं का सत्यापन करना बाकी है। सत्यापन के दौरान मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। 15 अप्रैल को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।

--2021 की तुलना में 2026 में लगभग 18 हजार मतदाता बढे :सबसे पहले चुनाव आयोग ने 2.35 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी थी। जांच के बाद पहले चरण में करीब 71 हजार डुप्लीकेट मतदाता पाए गए। सभी लोगों के नाम सूची से हटाए गए । 2021 की मतदाता सूची की तुलना में 2026 में लगभग 18 हजार मतदाता बढ़ गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल