मोमिन अन्सार सभा का 16वां राष्ट्रीय पसमान्दा समाज सम्मेलन आयोजित,नेताओं ने सियासी हिस्सेदारी की उठाई आवाज
लखनऊ, 26 अप्रैल (हि.स.)। मोमिन अन्सार सभा का 16वां राष्ट्रीय पसमान्दा समाजी सियासी बहार बचाओ सम्मेलन रविवार को राजधानी लखनऊ के रविद्रालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अकरम अंसारी ने की जबकि संचालन नसीम अंसारी ने किया।
सम्मेलन में सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अकरम अंसारी ने कहा कि सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की मेहनत से सभा आज भारत में मोमिन अंसार समाज (बुनकर) सहित पसमान्दा मुसलमानों का देश में सबसे बड़ा समाजी संगठन बन गया है;संगठन का 2010 से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय सम्मेलन हो रहा है। सम्मेलन में देश भर में प्रतिनिधि व सदस्य शामिल होकर मोमिन अन्सार समाज, पसमान्दा समाज की समस्या और उसका हल की आवाज बुलंद करते हैं।
अकरम अंसारी ने कहा कि यह सम्मेलन समाज सहित पनमान्दा समाज के समाजी, सियासी वकार व इक़बाल बुलंद करने के लिये हो रहा है, क्योंकि आज मुल्क में राजनैतिक रूप से सभी राजनीतिक पार्टियां पसमान्दा मुसलमानों की बात तो कर रही हैं। लेकिन सभी पार्टियां छलावा कर रही हैं। इनको न ही राजनैतिक प्रतिनिधित्व दे रही हैं और ना व्यापारिक समस्याओं का हल कराने का काम कर रही हैं। इनके बाहुल्य क्षेत्रों में इनकी लीडरशिप नहीं है। इसकी वजह सिर्फ यह है कि राजनीतिक पार्टियों ने अपने हित के लिये अपने ही पार्टी में मौजूद चेहरों को रबर स्टाम्प की तरह इस्तेमाल कर पसमान्दा को भागीदारी बनाना बताती हैं, जो पसमांदा मुसलमानों के साथ धोखा है।
कार्यक्रम में मो. सुलेम सिद्दीकी प्रदेश अध्यक्ष मोमिन हलवाई सभा, फखरुल हुदा अन्सारी प्रदेश अध्यक्ष मोमिन युवा छात्र सभा, बहादुर अली दाऊदी प्रदेश अध्यक्ष मोमिन दाऊदी सभा, हुमायूं सिद्दीकी प्रदेश अध्यक्ष मोमिन महिगीर सभा समेत उप्र के साथ उत्तराखण्ड, मध्य प्रदेश, झारखण्ड, दिल्ली, हरियाणा आदि प्रदेशों के सभी जिला व नगर के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा