मुस्लिम नेताओं के पास है लूट की वक्फ सम्पत्ति : मोहसिन रज़ा

 


लखनऊ, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नेता व पूर्व राज्य मंंत्री मोहसिन रजा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के शिया और सुन्नी दोनों वक्फ बोर्डों की संपत्तियों को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा की सरकारों में संगठित तरीके से लूटा गया। वक्फ रजिस्ट्रेशन के दौरान जब आंकड़े सामने आए तो 2 लाख के करीब संपत्तियाँ होनी चाहिए थीं, लेकिन आधिकारिक रिकॉर्ड में सिर्फ 1 लाख 27 हजार ही बची हैं। 2017 से लगातार उठाए जा रहे इस मुद्दे पर जब ऑडिटर आए तो इन दोनों वक़्फ़ बोर्डों और संबंधित पक्षों ने जानबूझकर सहयोग नहीं किया। मोहसिन रजा ने गुरूवार को जारी बयान में कहा बड़े-बड़े मुस्लिम इदारों, तथाकथित मौलवी-धर्मगुरु और सफेदपोश नेताओं ने इन संपत्तियों पर कब्जा जमाए रखा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख जनपदों में वक्फ की सैकड़ों-हज़ारों संपत्तियाँ गायब हैं। लखनऊ में अकेले 4000 वक़्फ़ संपत्तियों में से सैकड़ों वक्फ संपत्तियाँ प्रभावित हैं जिनका अब कोई नाम निशान नहीं है। अकेले हजरतगंज के आस पास नॉवेल्टी सिनेमा के सामने वाली मस्जिद जिसमें चार मीनार बिरयानी प्रसिद्ध है, लवलेन की पूरी कमर्शियल मार्केट मस्जिद की जगह पर बनी है— इन सभी जगहों पर और शहर में अन्य स्थानों पर कमर्शियल मार्केट बना कर खड़े कर दिए गए हैं ये सब वक़्फ़ प्रॉपर्टीज़ हैं पर उनके नाम पर कमर्शियल प्रॉपर्टी के कब्जे में है।

हैरत की बात ये है कि देश के बड़े-बड़े मुस्लिम इदारों, बड़े धर्मगुरुओं और सफेदपोश नेताओं के पास प्रदेश भर में भारी संख्या में वक्फ संपत्तियाँ हैं। इन बड़े मौलवियों के निवास और कार्यालय की जाँच की जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। ये संपत्तियाँ समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा के बड़े नेताओं तथा उनसे जुड़े मौलवियों के आशियाने बन चुकी हैं।

मोहसिन रजा ने कहा कि शिया एवं सुन्नी वक्फ़ बोर्ड गठन में हिन्दू समाज से भी दो सदस्यों को आवश्यक रूप से शामिल किया जाए जहां इससे सौहार्दपूर्ण माहौल बनेगा तथा अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर रोक भी लगेगी और पारदर्शिता भी आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन