पूर्व मंत्री मोहसिन रजा बने उप्र अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष

 


लखनऊ, 08 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री व भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य रहे मोहसिन रजा को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नामित किया गया है। इसके साथ 08 सदस्य नामित किए गये हैं। उत्तर प्रदेश शासन की ओर मंगलवार को इस संबंध में पत्र जारी किया गया।

शासन की ओर से जारी पत्र के अनुसार संदीप जैन एटा, अंशुमान सिंह मैसी शाहजहांपुर, सरदार हनप्रीति सिंह बेदी मुजफ्फरनगर, मोहम्मद असलम फतेहपुर, सरदार परविन्दर सिंह लखनऊ, नेहा खान अंबेडकरनगर, सैय्यद सेराज अब्बास रिजवी व रूमाना सिद्ददीकी लखनऊ को सदस्य नामित किया गया है। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष मोहसिन रजा व अन्य सदस्यों को कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।

इससे पहले योगी सरकार में वह अल्पसंख्यक कल्याण,मुस्लिम वक्फ और हज विभाग के राज्यमंत्री रह चुके हैं। मोहसिन रजा काफी समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं। वह प्रखर वक्ता भी हैं। इसीलिए भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी। वर्ष 2017 में प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद मोहसिन रजा को मंत्री बनाया गया। वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

मोहसिन रजा राजनीति में आने से पहले क्रिकेटर रहे हैं। वह रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की ओर से क्रिकेट खेल चुके हैं। इसके अलावा मॉडलिंग और अभिनय में भी उनकी रुचि रही है। वर्ष 1995 में उन्हें 'प्रिंस लखनऊ' चुना गया था। अब उन्हें उ0प्र0 अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा नेताओं ने दी बधाई

मोहसिन रजा को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, एमएलसी सुभाष यदुवंश समेत पार्टी के कई नेताओं ने बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं दी है।

मोहसिन रजा ने अल्पसंख्यक आयोग की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह का आभार जताया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन