मोदी-योगी सरकार सभी के हित में कार्य कर रही : ठाकुर रामवीर सिंह
मुरादाबाद, 26 जून (हि.स.)। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
यह बातें शुक्रवार को मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने विकास खंड मूंढापांडे के ग्राम गणेशघाट में ‘ग्राम चौपाल- गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। ग्राम चौपाल में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। विधायक ने एक-एक समस्या सुनी और अधिकारियों से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने आगे कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के साथ तेजी से विकास कार्य हो रहें है। ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतों को गांव में ही सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करना है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और आधुनिक कृषि सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाओं को स्वयं सहायता समूह, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं से लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ने गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार भी वितरित किया। ग्राम चौपाल में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सैनी, रोहित सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल