बाबा साहब के संविधान में निहित हैं स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत : नीलिमा कटियार
कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाबा साहब के समता मूलक समाज के सपने को पूरा करने का प्रयास हमारे प्रेरणा पुरुषों ने किया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए उस सपने को साकार कर रहे हैं। यह बातें मंगलवार को भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा” और “बाबा तेरा मिशन अधूरा, नरेंद्र मोदी करेंगे पूरा” जैसे नारों के साथ उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि बाबा साहब किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए जो कार्य किए, आज उन्हीं के मार्ग पर चलते हुए देश आगे बढ़ रहा है।
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान ने देश को मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिसमें स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत निहित हैं।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अवधेश सोनकर ने किया, जबकि धीरज वाल्मीकि ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अनुराग शर्मा, श्रीकिशन दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, नवाब सिंह, सीमा, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, रोहित साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप