मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित : रमेश अवस्थी
कानपुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की दशा और दिशा दोनों बदली हैं। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जनता का अटूट विश्वास ही इस यात्रा की सबसे बड़ी ताकत रहा है। यह बातें रविवार को कानपुर नगर सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर कार्यालय नवीन मार्केट में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानपुर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महानगर उत्तर अध्यक्ष अनिल दीक्षित, महानगर दक्षिण अध्यक्ष शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेश अवस्थी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, अभियान संयोजक नवाब सिंह, रणविजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण व्यवस्था के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से करोड़ों किसानों को लाभ मिला है तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
सांसद ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। ग्रामीण सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, हवाई अड्डों और सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से देश की विकास गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों के बीच संपर्क बेहतर होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
कानपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए रमेश अवस्थी ने बताया कि शहर की यातायात समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए व्यापक रोडमैप पर काम किया जा रहा है। ग्रीन पार्क स्टेडियम के आधुनिकीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि कानपुर अनवरगंज स्टेशन से मंधना तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक तथा रामादेवी से गोल चौराहा तक एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास जल्द होने की संभावना है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में देश के इतिहास में दर्ज रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप