केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रबुद्ध नागरिक सम्मेल
फर्रुखाबाद, 16 जून (हि.स.)। कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने बीते 12 वर्षों में सुशासन, विकास और जन कल्याण की सरकार दी है। इसमें गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ देकर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर प्रत्येक चुनाव में लगातार जनता का विश्वास बढ़ता जा रहा है। बंगाल के अप्रत्याशित चुनाव परिणाम आगामी उत्तर प्रदेश के में होने वाले विधानसभा चुनाव की तस्वीर साफ कर रहे हैं। बंगाल की विजय के बाद उत्तर प्रदेश में भी विजय का सिलसिला जारी रहेगा।
सुब्रत पाठक ने कहा कि सरकार किसी भी वर्ग से भेदभाव करे बिना सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित कर रही है। 12 वर्ष पूर्व गरीब का ध्यान रखने वाली कोई सरकार नहीं थी। कांग्रेस और सपा ने मिलकर देश और प्रदेश को भ्रष्टाचार युक्त कर दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता की अपेक्षा और आकांक्षाओं पर खरा उतरने का कार्य करते हैं। आयुष्मान योजना उज्ज्वला योजना जनधन खाता योजना सौभाग्य योजना किसान क्रेडिट कार्ड योजना जैसी विभिन्न योजनाएं जिसका सीधा पैसा जनता के खाते में ट्रांसफर हो रहा है। युद्ध जैसे हालातो में वैश्विक संकट होने के बावजूद भी देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और डीजल व पेट्रोल का पर्याप्त भंडारण केंद्र सरकार के पास है।
विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बीते 12 वर्षों में गरीब कल्याण का कार्य किया है। देश के विभिन्न मुद्दों को हल करते हुए राम मंदिर का निर्माण, धारा 370 की समाप्ति और नागरिकता कानून लाकर भारत की संस्कृति को सुरक्षित करने का कार्य किया। इस माैके पर सदस्य विधान परिषद डॉ. मानवेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar