आधुनिक खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को देती हैं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालय में विकसित की जा रही आधुनिक खेल सुविधाओं का उद्देश्य खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है। तीरंदाजी जैसी खेल विधाओं में तकनीकी प्रशिक्षण और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करेगा। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने तीरंदाजी कार्यशाला के अवसर पर कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग स्थित आर्चरी एरीना में जिला तीरंदाजी संघ के सहयोग से एक दिवसीय तीरंदाजी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में खिलाड़ियों को तीरंदाजी की तकनीकी बारीकियों के साथ आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को तीरंदाजी की मूलभूत तकनीकों, उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, प्रतियोगिता के नियम, लक्ष्य निर्धारण और मानसिक एकाग्रता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षकों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय में हाल ही में शुरू हुई आर्चरी अकादमी में विद्यार्थियों के साथ-साथ बाहरी खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण शुल्क 500 रुपये तथा बाहरी खिलाड़ियों के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक खिलाड़ी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव के निर्देशन में हुआ। आयोजन के समन्वय में डॉ. प्रभाकर पांडेय और शुभम हजरिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यशाला में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने भाग लेकर विश्वविद्यालय की आधुनिक खेल सुविधाओं की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप