विज्ञान में करियर के लिए सीएसजेएमयू में शुरू हुए आधुनिक कोर्स : प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी

 


कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज में विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान और तकनीक आधारित शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है। यहां संचालित पाठ्यक्रम उन्हें शोध और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। संस्थान का उद्देश्य छात्रों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। यह बातें मंगलवार को निदेशक प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज में सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान विज्ञान शिक्षा, शोध और आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में विद्यार्थियों को तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है।

निदेशक प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्नातक स्तर पर बी.एससी. (ऑनर्स) गणित (40 सीट), भौतिकी (30 सीट) और रसायन विज्ञान (40 सीट) जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इसके साथ ही बी.एससी. कॉम्बिनेशन में भौतिकी, रसायन, गणित, आईटी और कंप्यूटर एप्लीकेशन के विभिन्न विकल्प भी दिए जा रहे हैं। एक वर्षीय ‘बेसिक गणित’ प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम में भी सीमित सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।

स्नातकोत्तर स्तर पर एम.एससी. गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान के अलावा इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स (एआई एवं डेटा साइंस), जियोग्राफी (जीआईएस एवं रिमोट सेंसिंग), एनवायरनमेंटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी तथा फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर केमिस्ट्री जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम एफएफडीसी के सहयोग से उद्योग आधारित प्रशिक्षण पर केंद्रित होगा।

सह-निदेशक डॉ. अंजू दीक्षित ने बताया कि संस्थान में एम.एससी. इन क्वांटम टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है, जिसमें क्वांटम कंप्यूटिंग, ऑप्टिक्स और सिमुलेशन तकनीकों का अध्ययन कराया जाएगा। इसके लिए विशेष लैब की सुविधा उपलब्ध है।

संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी और एआर/वीआर सिमुलेशन लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां अनुभवी फैकल्टी द्वारा शिक्षण के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है, जिससे छात्रों को बेहतर करियर के अवसर मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप