आधुनिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय : जिलाधिकारी

 


कानपुर, 30 जून (हि.स.)। नई तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज और आय दोनों बढ़ा सकते हैं। प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों के लिए जनपद में अलग विक्रय स्थल विकसित किया जाएगा। यह बातें जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन की गवर्निंग बोर्ड बैठक में कहीं।

बैठक में वर्ष 2025-26 में संचालित योजनाओं की समीक्षा के साथ वर्ष 2026-27 की जिला कार्ययोजनाओं को मंजूरी दी गई। आत्मा योजना के तहत 268.15 लाख रुपये की कृषि कार्ययोजना स्वीकृत की गई। इसके अंतर्गत किसानों के खेतों पर विभिन्न फसलों के प्रदर्शन, फार्म स्कूलों के माध्यम से प्रशिक्षण तथा जनपद, प्रदेश और अंतरराज्यीय भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल एवं कोर्स सीरियल) के लिए 83 लाख दस हजार रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। इस धनराशि से क्लस्टर प्रदर्शन, प्रमाणित बीज वितरण, सूक्ष्म पोषक तत्व एवं एकीकृत कीट प्रबंधन, फसल आधारित प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और स्थानीय नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा।

बैठक में मिशन फॉर आत्मनिर्भर इन पल्सेज के लिए 73 लाख 87 हजार रूपये तथा उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के लिए आठ लाख चालीस हजार रुपये की कार्ययोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबी योजना (एग्रीजंक्शन) के तहत वर्ष 2026-27 में 10 नए कृषि सेवा केंद्र स्थापित करने के लिए लाभार्थियों का चयन भी किया गया।

इस दौरान प्रगतिशील किसान रघुनाथ सिंह ने भिंडी एवं केला उत्पादन, नेहा पाण्डेय फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने गोबर से 135 प्रकार के उत्पाद तैयार करने तथा प्राकृतिक खेती के मॉडल की जानकारी दी। जय बजरंगबली स्वयं सहायता समूह, शिवराजपुर की अध्यक्ष कुसुमा देवी ने अगरबत्ती निर्माण और कमल किशोर ने मक्का-आलू उत्पादन के अपने अनुभव साझा किए।

जिलाधिकारी ने किसानों के नवाचारों की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफल कृषि मॉडलों और आधुनिक तकनीकों का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा, जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और गवर्निंग बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप