मोबाइल मेडिकल वैन से गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा : ब्रजेश पाठक
कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। ज्ञान केवल डिग्री या अंक हासिल करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका उपयोग समाज के हित में होना चाहिए। विश्वविद्यालय में उपलब्ध ज्ञान, विशेषज्ञता और संसाधनों का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में मोबाइल मेडिकल वैन के लोकार्पण के दौरान कहीं।
सीएसजेएमयू ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए आधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन की शुरुआत की। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने वैन का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, गोल्डी मसाले समूह के निदेशक आकाश गोयनका, गोल्डी समूह के निदेशक सुदीप गोयनका और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने हरी झंडी दिखाई। सभी ने वैन के अंदर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।
मोबाइल मेडिकल वैन विश्वविद्यालय परिसर तक सीमित स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण समुदाय तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। विश्वविद्यालय की चिकित्सकीय टीम गांवों में जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करेगी और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देगी। जांच के दौरान गंभीर या विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता सामने आने पर मरीज को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा।
वैन में रक्त संबंधी जांच के लिए सीबीसी, हीमोग्लोबिन, टीएलसी, डीएलसी और प्लेटलेट्स की सुविधा है। इसके अलावा रैंडम ब्लड शुगर, रक्तचाप, ईसीजी, नेत्र परीक्षण, वजन और ऊंचाई मापने की व्यवस्था भी है। विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग और सामान्य स्वास्थ्य परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों के साथ विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ
मोबाइल मेडिकल वैन के जरिए एनीमिया, मधुमेह, रक्त संबंधी विकार, उच्च रक्तचाप और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती पहचान में मदद मिलेगी। इससे उन ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ होगा, जहां नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा सीमित है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विद्यार्थियों को शिक्षा का उपयोग समाज के लिए करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ज्ञान वास्तविक शक्ति है और विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहिए।
गोल्डी समूह की ओर से जनस्वास्थ्य संवर्धन और ग्रामीण कल्याण के उद्देश्य से विश्वविद्यालय को मोबाइल मेडिकल वैन उपलब्ध कराई गई है। समूह के निदेशक आकाश गोयनका और सुदीप गोयनका ने सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों में सहयोग जारी रखने की बात कही।
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने भी विद्यार्थियों को बेहतर कार्य करने और समाज के लिए उपयोगी योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने की। वैन के संचालन में डॉ. अनुराग मिश्रा की भूमिका रहेगी। कार्यक्रम में हेल्थ साइंसेस के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, डॉ. दिग्विजय शर्मा समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप