हत्या मामले के दो आरोपित गिरफ्तार, आलाकत्ल ईंट बरामद

 


प्रयागराज, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करैली थाने की पुलिस सोमवार को हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो ईंट भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित करेली थाना क्षेत्र के मदारीपुर डिहवा गांव निवासी मनोज भारतीय उर्फ सोरों पुत्र धनीलाल और करेली में स्थित अन्धीपुर गांव निवासी कन्हई भारतीय है। दोनों के खिलाफ करैली में इस माह धारा 103(1)/238(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने सोमवार को जफीर की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई की गई।

-घटना का विवरण

15 अप्रैल 2026 को ऐनुद्दीनपुर निवासी अब्दुल ने अज्ञात शव मिलने की सूचना थाना करैली में दी थी। अगले दिन मृतक की पहचान दिलशाल अहमद उर्फ उमैश अहमद (35) के रूप में हुई। मृतक के पिता नस्सन ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पुत्र की ईंट से मारकर हत्या कर शव को गड्ढे में छिपा दिया गया था। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपितों की तलाश में टीमें गठित की गईं। मुख्य अभियुक्त मनोज भारतीया के खिलाफ पूर्व में भी चोरी व एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इस संबंध में मनीष कुमार शांडिल्य, पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि “हत्या जैसे गंभीर मामले में संलिप्त दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।” इस कार्रवाई में थाना करैली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने सटीक सूचना और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को दबोचने में सफलता हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल