जाजमऊ पुल की मरम्मत अवधि घटाकर जल्द कराया जाए पूरा काम : अमिताभ बाजपेयी

 


कानपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। जाजमऊ पुल को 90 दिनों तक बंद रखकर कराए जा रहे मरम्मत कार्य की अवधि कम की जाए और काम में तेजी लाई जाए। पुल कानपुर से जाजमऊ होते हुए उन्नाव आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। लंबे समय तक पुल बंद रहने से रोजाना आवागमन करने वाले कामगारों, कर्मचारियों और श्रमिकों को अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। यह बातें आर्यनगर विधानसभा सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहीं।

विधायक ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को लिखे पत्र में मरम्मत कार्य की 90 दिनों की समय-सीमा कम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी लगाई जाए। जरूरत के अनुसार अलग-अलग शिफ्ट बढ़ाकर काम कराया जाए, ताकि पुल को निर्धारित अवधि से पहले यातायात के लिए खोला जा सके।

उन्होंने मरम्मत कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की भी मांग की है। इसके तहत प्रतिदिन कितना काम पूरा हुआ और कितना शेष है, इसकी जानकारी लोगों को दी जाए। विधायक ने कहा कि पुल बंद रहने के दौरान वैकल्पिक यातायात और डायवर्जन की व्यवस्था प्रभावी तथा सुचारू होनी चाहिए, जिससे आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि वह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से बात कर इस मामले में ठोस कार्रवाई कराएंगे। विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि जनता विकास कार्यों का स्वागत करती है, लेकिन महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग को लंबे समय तक बंद रखने से होने वाली परेशानी को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता बरकरार रखते हुए मरम्मत कार्य को यथासंभव कम समय में पूरा कराने की मांग दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप