मंत्री के सामने मंच पर बेहोश होकर गिरे अमृतपुर विधायक

 


फर्रुखाबाद,19 जून (हि.स.)। मधुबन रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य अचानक मंच पर बेहोश होकर गिर पड़े। घटना उस समय हुई जब प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह कार्यक्रम में मौजूद थे और मंच पर विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशील शाक्य की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मंच पर ही गिर पड़े। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। मौजूद अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उन्हें संभाला और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था कराई।

सूचना मिलते ही चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और विधायक का स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक गर्मी, थकान अथवा स्वास्थ्य संबंधी कारणों को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि विधायक की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख उपलब्ध कराई जा रही है।

मधुबन रिजॉर्ट में हुई इस घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चिंता का माहौल रहा। वहीं समर्थकों और क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar