बारिश से धंसी सड़क पर बने 18 फीट गहरे गड्ढे में उतरे विधायक रूमी, लापरवाही पर जताई नाराजगी
कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। यह गंभीर लापरवाही है। सड़क निर्माण और देखरेख के लिए जिम्मेदार विभागों की निगरानी कहां थी। गनीमत रही कि एशिया के सबसे बड़े जुलूस के दौरान इस तरह की घटना नहीं हुई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह नाराजगी भरी बातें गुरुवार को कैंट विधानसभा से सपा विधायक हसन रूमी ने कहीं।
जाजमऊ से सर्किट हाउस जाने वाली वीआईपी रोड पर मंगलवार और बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद करीब पांच मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गुरुवार को कैंट विधायक हसन रूमी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीढ़ी के सहारे गड्ढे में उतरकर स्थिति का जायजा लिया। उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। संबंधित अधिकारी भी वहां पहुंच गए।
विधायक ने अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क के गड्ढे में ही धरना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई, लेकिन वह धरने पर बैठे रहे। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की निगरानी पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।
हसन रूमी ने कहा कि यह सड़क कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग को सर्किट हाउस से जोड़ती है और इसी रास्ते से देश के बड़े राजनेताओं का आवागमन होता है। बुधवार दोपहर रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच सड़क धंसने से इतना बड़ा जानलेवा गड्ढा बन गया। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि एशिया के सबसे बड़े जुलूस के दौरान यह घटना नहीं हुई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
उन्होंने सड़क निर्माण और देखरेख में लापरवाही की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने गड्ढे का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप