मुख्यमंत्री से मिले विधायक रवि शर्मा, बीआईईटी को तकनीकी विश्वविद्यालय बनाने समेत रखी तीन मांगें

 


झांसी, 26 अगस्त (हि.स.)। झांसी नगर विधायक रवि शर्मा ने बुधवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने झांसी के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र सौंपे।

नगर विधायक ने बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईईटी), झांसी को राज्य तकनीकी विश्वविद्यालय के रूप में उच्चीकृत करने की मांग रखी।

उन्होंने बताया कि एक अगस्त को प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने यह मांग उठाई थी। विधायक ने कहा कि बीआईईटी को तकनीकी विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से बुंदेलखंड के अन्य राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और निजी तकनीकी संस्थान इससे संबद्ध किए जा सकेंगे। इससे एकेटीयू, लखनऊ का प्रशासनिक भार भी कम होगा और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

विधायक ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में वर्षों पुरानी और जर्जर लिफ्टों को बदलकर आधुनिक एवं सुरक्षित लिफ्टें स्थापित कराने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में बुंदेलखंड के साथ मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। खराब लिफ्टों से गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों तथा स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर आने वाले मरीजों को परेशानी होती है।

इसके अलावा रवि शर्मा ने शहर के मध्य स्थित अंतर्राज्यीय बस स्टैंड को नगर क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित कर दो नए आधुनिक बस स्टैंड स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने भगवंतपुरा, करारी अथवा अन्य बाहरी क्षेत्रों में भूमि चिन्हित करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि बस स्टैंड के कारण शहर में यातायात दबाव और जाम की समस्या बढ़ रही है। डिफेंस कॉरिडोर और बीडा जैसी परियोजनाओं के विस्तार को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नए बस स्टैंड विकसित करना आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया