अखिलेश यादव के बयान पर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का पलटवार, एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर रखी सरकार की बात

 


जौनपुर, 31 मई (हि.स.)। बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने रविवार को समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है कि कार्रवाई अपराध के आधार पर होती है, न कि जाति या समुदाय के आधार पर।

विधायक ने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार की कानून-व्यवस्था संबंधी कार्रवाइयों पर अनावश्यक सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

आजाद बिंद हत्याकांड का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि मामले की जांच में पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा जिन लोगों के नाम बताए गए थे, उन्हें जांच में शामिल किया गया और उसी क्रम में पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।

विधायक ने कहा कि सरकार अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव