बांदा: धरना प्रदर्शन से पहले सपा विधायक विशम्भर सिंह यादव नजरबंद
बांदा, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जन समस्याओं को लेकर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक विशम्भर सिंह यादव को पुलिस ने उनके आवास पर बुधवारको नजरबंद कर दिया। जिला संगठन के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए सुबह से ही पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सुबह बबेरू कोतवाली पुलिस विधायक विशम्भर सिंह यादव के आवास पहुंची और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। प्रशासन की ओर से मौके पर ही ज्ञापन लेने की बात कही गई, लेकिन विधायक ने स्पष्ट किया कि पार्टी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सामूहिक रूप से जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाना था। बताया गया कि जिलाध्यक्ष को भी उनके आवास पर नजरबंद किया गया। हालांकि, महासचिव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा, जिसका विधायक ने समर्थन किया।
धरना प्रदर्शन के जरिए महंगाई, बेरोजगारी, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर कथित अत्याचार, बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल, अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, रसोई गैस की बढ़ती कीमतें, पेयजल संकट, पाइप लाइन मरम्मत, अतिक्रमण में उजड़े दुकानदारों के पुनर्वास, पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था और किसानों की फसल की तत्काल खरीद जैसे मुद्दे उठाए जाने थे।
विधायक विशम्भर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि “स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीबों का शोषण हो रहा है और भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान, मजदूर, व्यापारी और महिलाएं सभी परेशान हैं। यह सरकार जनविरोधी है और हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।” उन्होंने इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।
इस दौरान के.के. महंत, अखिलेश पाल, नरेंद्र यादव, अमन वर्मा, अभिषेक वर्मा, सुरेश यादव, हरीश पांडेय, चुन्नू सिंह, रामभवन, अनूप गुप्ता, रमेश यादव, राजकरण, अरविंद वर्मा, रामचंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव ओम नारायण त्रिपाठी “विदित”, शमीम बांदवी (पूर्व जिलाध्यक्ष), उमेश यादव (जिला उपाध्यक्ष), मुशीर फारूखी (जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा), नासिर खान (जिलाध्यक्ष मजदूर सभा), आमिर खान मन्नी (जिलाध्यक्ष युवजन सभा), नीलेश श्रीवास (जिलाध्यक्ष अनुसूचित प्रकोष्ठ), अबरार फारूकी, प्रियांशु गुप्ता (पूर्व जिलाकोषाध्यक्ष), प्रमोद गुप्ता (मीडिया प्रभारी), अभिमन्यु सिंह, दिलीप पटवा, अशोक श्रीवास, मुश्ताक अहमद, महेंद्र वर्धन, रईस अहमद, नेतराम वर्मा, जयराम चौरसिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह