नारी शक्ति के सम्मान के साथ यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना अभियान का उद्देश्य : डीसीपी
कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत नवरात्र के अवसर पर यातायात पुलिस की ओर से नारी शक्ति के सम्मान, महिला सशक्तीकरण और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर महिला यातायात पुलिसकर्मियों को यातायात संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान में एनसीसी गर्ल्स विंग की छात्राओं ने भी भाग लिया। डीसीपी ट्रैफिक अभय नाथ त्रिपाठी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की यातायात संचालन में भागीदारी नारी शक्ति के आत्मविश्वास और क्षमता को प्रदर्शित करती है। एनसीसी छात्राओं को यातायात संकेतों, नियमों और सुरक्षित तरीके से यातायात संचालन की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है, ताकि वे सड़क सुरक्षा के महत्व को समझ सकें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें।
अभय नाथ त्रिपाठी ने कहा कि सड़क पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चालकों को यातायात संकेतों का ध्यान रखने, निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन चलाने और सड़क पर सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में भी मदद मिलेगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप