मनबढ़ युवक ने एसएसओ को पीटकर किया घायल, विद्युत आपूर्ति ठप

 

जौनपुर,13अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जफराबाद थाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र जगदीशपुर पर तैनात एसएसओ के साथ सोमवार देर शाम मारपीट की घटना सामने आई, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक मनबढ़ युवक ने डंडे से हमला कर एसएसओ को घायल कर दिया। घटना के बाद एहतियातन फीडर की आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे इलाके में बिजली ठप हो गई।

जानकारी के अनुसार, उक्त फीडर पर एसएसओ विजय कुमार यादव की ड्यूटी थी। शाम के समय एक युवक फीडर के पास सरपत के झुरमुट में आग लगाने लगा। एसएसओ ने उसे आग लगाने से रोका और समझाया कि इससे केबल व इंसुलेटर जल सकते हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाएगी। लेकिन युवक ने उनकी बात अनसुनी कर आग लगा दी।आरोप है कि इसके बाद युवक ने गाली-गलौज करते हुए एसएसओ पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फीडर के दर्जनों लाइनमैन मौके पर पहुंच गए। हालात को देखते हुए एसएसओ ने तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद कर दी।सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। एसआई विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में एसएसओ की तहरीर ली जा रही है और आरोपित संताेष कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव