मिर्जापुर के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष का विवादित बयान वायरल, कहा- शदियों में मंत्र के नाम पर गाली पढ़ते हैं ब्राह्मण
मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शिवशंकर सिंह यादव का विवादित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पूर्व जिलाध्यक्ष यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि शादी में जो श्लोक ब्राह्मण पढ़ते हैं वह एक तरह की गाली है। उन्होने कहा कि पंडित जो मंत्र पढ़ते हैं वो आधे ही सुनाई देते हैं। पंडित गिडबिड़ गिड़बिड कहकर दक्षिणा रखवा लेते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि उनकी बातों को अखिलेश यादव का भी समर्थन हासिल है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार वीडियो किसी तेरहवीं कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होते ही मिर्जापुर-विंध्याचल में ब्राह्मण समाज में आक्रोश फैल गया। मां विंध्यवासिनी मंदिर पर पूजा-पाठ कर रहे पंडितों अनुपम महाराज, सुनील कुमार, जयकुमार मिश्र आदि ने इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि इससे सनातन धर्म और ब्राह्मण समाज का अपमान हुआ है और सार्वजनिक माफी की मांग की है। वहीं परशुराम सेना अकोढ़ी ने पुतला फूंका।
सोशल मीडिया (X आदि) पर वीडियो तेजी से फैला, कई भाजपा समर्थक और हिंदू संगठनों ने इसे सपा की 'हिंदू-विरोधी' मानसिकता का उदाहरण बताया।
दूसरी तरफ शिवशंकर यादव ने वीडियो को फर्जी/एडिटेड और 15-20 साल पुराना बताया है। उन्होंने कहा कि किसी ने एडिट करके मेरी छवि खराब करने की कोशिश की है। मेरा गुरु ही ब्राह्मण है, मैं ब्राह्मणों के खिलाफ कैसे बोल सकता हूं? मिर्जापुर में जितना सम्मान मैंने ब्राह्मणों को दिया है, उतना कोई नहीं दे सकता।
उन्होंने दावा किया कि उस समय पीडीए जैसी बातें अस्तित्व में नहीं थीं और वीडियो मनगढ़ंत है। अगर वायरल करने वाले का पता चला तो मुकदमा दर्ज कराएंगे।