बारिश का कहर: कच्चे मकान गिरने से दो वृद्ध महिलाओं की मौत
मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत के साथ जान का खतरा भी बन गई है। बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कच्चे मकान और दीवार गिरने से दो वृद्ध महिलाओं की मलबे में दबकर मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।
हलिया विकासखंड के सोठियाकला गांव की सेम्हरिया बस्ती में बुधवार दोपहर बारिश के दौरान कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के अंदर बैठी 75 वर्षीय सुभागी देवी पत्नी गम्भीरा पाल मलबे में दब गईं। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मलबा हटाकर वृद्धा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के इकलौते पुत्र रामनरेश पाल को मां की मौत की जानकारी मिली तो वह बेसुध हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण मकान पहले से ही जर्जर हो चुका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
वहीl
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर शव अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि की है।
अदलहाट में दीवार ढहने से महिला की मौत
दूसरी घटना अदलहाट थाना क्षेत्र के अशरफाबाद मोहल्ले के खिरौड़ी में हुई। बुधवार सुबह करीब पांच बजे बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। इसकी चपेट में आने से करीब 70 वर्षीय कुमारी देवी पत्नी रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
लगातार बारिश से जिले के ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा