सेवती नदी में मिला अधेड़ का शव, पुलिस जांच में जुटी

 

मीरजापुर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के गड़बड़ा स्थित सेवती नदी में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।

थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया की मृतक की पहचान भड़ौहा निवासी गोपाल कोल (48) के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सेवती नदी में उसका शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई। इसके बाद परिजन को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी ।

थाना प्रभारी ने बताया कि सेवती नदी में एक व्यक्ति का शव मिला है। शव की पहचान कर परिजन को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा