नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म का आरोपित महाराष्ट्र से गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शाहगंज कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित आरोपित को पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने लंबी तलाश और सर्विलांस की मदद से यह सफलता हासिल की। आरोपित की पहचान मोहम्मद अरबाज पुत्र स्व. ताज मोहम्मद, निवासी पुरानी बाजार, शाहगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपित की तलाश में टीम ने पहले मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सर्विलांस के जरिए लोकेशन ट्रेस कर टीम महाराष्ट्र के बीड जिले के शिरूर कासार पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में रविवार को जानकारी देते हुए इस अभियान के प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित को जहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे जौनपुर लाया जा रहा है। आरोपित को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।जांच में सामने आया है कि आरोपित पूर्व में भी वर्ष 2024 में पीड़िता को बहला-फुसलाकर ले गया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर पीड़िता से संपर्क कर घटना को दोहराया।पूछताछ में आरोपित ने पुलिस से बचने के लिए मोबाइल सिम नष्ट करने और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहने की बात स्वीकार की है। उसने पीड़िता से विवाह का दावा भी किया, हालांकि पुलिस इसे कानूनन गंभीर अपराध मानते हुए कार्रवाई कर रही है।मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव