प्रेमी के शादी से इंकार के बाद नाबालिग प्रेमिका ने की आत्महत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

 

जौनपुर,19 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में रविवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, लड़की ने एक युवक द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी आरती सोनकर (16) का पड़ोस के नाथुपुर रामनगर गांव के एक युवक से सोशल मीडिया के माध्यम से परिचय हुआ था, जो बाद में संबंध में बदल गया। परिजनों का कहना है कि लड़की युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक ने इंकार कर दिया। इसके बाद लड़की की तबीयत बिगड़ गई।

परिवार वाले उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। रास्ते में ही एक निजी अस्पताल ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई। परिजन शव लेकर घर लौट आए, जिसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चौकी प्रभारी राधे श्याम सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर आरोपित युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव