प्रभारी मंत्री की रात्रि चौपाल में खुली विकास कार्यों की पोल, एक साल से पैमाइश के लिए भटक रहा ग्रामीण

 


बाराबंकी, 17 नवंबर (हि.स.)। गांवों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रदेश के राज्यमंत्री (कारागार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने मंगलवार की रात ग्राम पंचायत वाजिदपुर के मजरा बम्भौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में रात्रि चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ गांव की चौपाल में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और एक-एक शिकायत पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा। राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में लंबे समय से कार्रवाई न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचना चाहिए और जनसमस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक साल से खेत की पैमाइश का इंतजार, पट्टे की जमीन पर भी नहीं मिला कब्जा

रात्रि चौपाल में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। ग्रामीण हंसराज ने बताया कि खेत की पैमाइश के लिए धारा-24 के तहत एक वर्ष पूर्व प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक लेखपाल और कानूनगो स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कानूनगो को अगले दिन तक प्रकरण की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। हंसराज ने वर्ष 2011 में आवंटित पट्टे पर कब्जा न मिलने की समस्या भी उठाई। वहीं किसान दुर्गा प्रसाद गौतम ने शिकायत की कि उनकी पट्टे की जमीन पर दूसरे व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। मंत्री ने संबंधित लेखपाल को मौके पर पैमाइश कराकर नियमानुसार पट्टाधारकों को कब्जा दिलाने के सख्त निर्देश दिए।

63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर दो माह में लगाने का आश्वासन

ग्रामीणों ने कम क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण बिजली आपूर्ति में परेशानी होने की शिकायत की। इस पर विद्युत विभाग के एसडीओ ने बताया कि 63 केवीए के नए ट्रांसफार्मर का प्रस्ताव तैयार हो चुका है और दो माह के भीतर इसे स्थापित करा दिया जाएगा। गांव में कुल 35 हैंडपंप क्रियाशील होने की जानकारी भी अधिकारियों ने दी। पाइपलाइन बिछने के बावजूद कनेक्शन न मिलने की शिकायत मनोज कुमार ने उठाई। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या दूर कराने के निर्देश दिए।

छप्पर उजड़ने पर आवास की मांग, नौ आवास स्वीकृत और 39 का अतिरिक्त लक्ष्य

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने पंचायत सचिव से आवासों की स्वीकृति और लक्ष्य की जानकारी ली। सचिव ने बताया कि वर्तमान सत्र में नौ आवास स्वीकृत हुए हैं, जबकि 39 अतिरिक्त आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। ग्रामीण नरेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने से उनका छप्पर नष्ट हो गया है और उनके पास रहने के लिए आवास की समस्या है। इस पर मंत्री ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना से वंचित न रहे।

राशन में घटतौली और पेंशन की शिकायत पर सख्त रुख

प्रभारी मंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में राशन मिलना चाहिए। राशन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने महिला कोटेदार से भी वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत पर उन्होंने प्रकरण की जांच कराते हुए लापरवाही के लिए जिम्मेदार पंचायत मित्र शिवशरण के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पंचायत मित्र को पंचायत भवन में नियमित बैठने और ग्रामीणों के राशन कार्ड सहित अन्य जरूरी कार्य ऑनलाइन कराने के भी निर्देश दिए।

किसान सम्मान निधि से वंचित किसान की समस्या सुनी

किसान सम्मान निधि की समीक्षा के दौरान प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन और अभिलेखों की प्रक्रिया पूरी कराकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता में परेशानी नहीं होनी चाहिए। कोई भी दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद की बिक्री न करे। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

अधिकारी कागजों में नहीं, धरातल पर दिखाएं काम

चौपाल के समापन पर प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने कहा कि रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य गांव में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुनना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। केवल कागजी कार्रवाई करने के बजाय धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं मजबूत हों।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, बीडीओ मसौली, पंचायत सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह उर्फ भुल्लन वर्मा, श्रीमती सरोज रावत, अरुण कुमार रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी