देवरिया में गांधी चौक पर राज्यमंत्री ने लगाई झाड़ू , दिया स्वच्छता का संदेश

 


देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में शुक्रवार काे गांधी जयंती के अवसर पर याेगी सरकार में राज्यमंत्री एवं सलेमपुर विधायक विजयलक्ष्मी गौतम ने गांधी चौक पर स्वच्छता का संदेश दिया। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान आसपास कूड़ा देखकर उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाई और सफाई की। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि स्वच्छता महात्मा गांधी के विचारों का अहम हिस्सा थी। उनके विचारों को व्यवहार में अपनाकर ही स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने नगर पंचायत कर्मचारियों को नियमित और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक