कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की मौजूदगी में कानपुर में 35.84 लाख पौधों का होगा रोपण

 


कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की मौजूदगी में रविवार को होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान में हर नागरिक 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़कर पौधा लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले। जनसहभागिता से ही हरित और पर्यावरण-संतुलित कानपुर की परिकल्पना साकार होगी। यह बातें शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

शहर को हरा-भरा बनाने के लिए रविवार को जनपद में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य कार्यक्रम चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित होगा, जिसमें कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि होंगे। जनपद के 500 से अधिक चिन्हित स्थलों पर 35 लाख 84 हजार 556 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही सात थीम आधारित वन विकसित किए जाएंगे और 51 गोआश्रय स्थलों पर गोकुल वाटिकाएं बनाई जाएंगी।

महाअभियान के तहत शहर में सात विशेष थीम आधारित वन विकसित किए जाएंगे। इनमें वंदे मातरम् वाटिका, ऊर्जा वन, महर्षि चरक वन, सामाजिक समरसता वन, समृद्धि वन, ऑक्सी वन और फलदार वाटिका शामिल हैं। इसके अलावा 51 गोआश्रय स्थलों पर गोकुल वाटिकाएं विकसित की जाएंगी।

प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने बताया कि 500 से अधिक स्थलों पर पौधरोपण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पौधों का उठान कराया जा चुका है। अभियान के दौरान आम, महुआ, पीपल, पाकड़, बरगद, सहजन, सेमल, सिरस, शीशम, जामुन, गूलर, बेल, बहेड़ा, अशोक, कदम, आंवला, अमरूद, अनार और इमली सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा।

विभागवार लक्ष्य के अनुसार वन विभाग आठ लाख पचपन हजार पौधों का रोपण करेगा, जबकि अन्य विभागों को सत्ताईस हजार उनतीस हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। ग्राम्य विकास विभाग को सर्वाधिक तेरह लाख छह हजार पौधों का लक्ष्य मिला है। कृषि विभाग दो लाख तिरानवे लाख, पर्यावरण विभाग दो लाख इकतालिश हजार, नगर विकास विभाग दो लाख सोलह हजार, पंचायती राज विभाग एक लाख सैंतीस हजार और राजस्व विभाग 96,700 पौधों का रोपण करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप