एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव के घर पहुंचे राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव दी बधाई

 




जौनपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने शनिवार को मछलीशहर क्षेत्र के डभिया अदारी गांव पहुंचकर एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव से मुलाकात की। उन्होंने रोहित को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राज्यमंत्री ने रोहित यादव के माता-पिता से भी मुलाकात की और बेटे की सफलता के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि रोहित ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश, प्रदेश और जौनपुर का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि रोहित यादव की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी उचित अवसर और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करें।

राज्यमंत्री ने रोहित से आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली और उन्हें भविष्य में देश के लिए और पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान रोहित के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव