प्रभारी मंत्री ने बांटी टूलकिट, योजनाओं की प्रगति पर जताया संतोष

 


बिजली-पानी व्यवस्था दुरुस्त रखने और क्षतिग्रस्त सड़कें जल्द सुधारने के निर्देश

झांसी, 07 मई (हि.स.)। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री और जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक से पहले उन्होंने एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत 15 महिला लाभार्थियों को प्रमाणपत्र व टूलकिट वितरित कर शुभकामनाएं दीं।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने गर्मी के बीच जिले में बिजली और पेयजल आपूर्ति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को इसकी निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों को बदलने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि शहर में नया ट्रांसमिशन कार्य प्रगति पर है, जिससे जल्द बिजली समस्या का समाधान होगा।जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने घर-घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सभी सड़कों का फोटोग्राफिक सर्वे कर उन्हें जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। आईसीडीएस पोषण अभियान की समीक्षा में 5533 कुपोषित बच्चों में से 5231 बच्चों के सुधार पर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनने और 96 हजार से अधिक मरीजों के इलाज पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने सड़क परियोजनाओं और जल जीवन मिशन से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। वहीं मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्या ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रमा निरंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

महिला पॉलिटेक्निक में बढ़ेंगे प्रवेश

प्रभारी मंत्री ने वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक में स्वीकृत सीटों के मुकाबले कम प्रवेश पर चिंता जताई। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस और फैशन डिजाइनिंग जैसे पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा।

स्व-गणना अभियान शुरू,प्रभारी मंत्री ने कहा-सहभागी बनें

जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना अभियान का शुभारंभ हो गया। महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य ने जनपदवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्व-गणना में सहभागिता कर नागरिक देश की डिजिटल जनगणना प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। जनपद के लोग 21 मई 2026 तक पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे। मंत्री ने बताया कि स्व-गणना पूरी होने पर एसईआईडी जनरेट होगी, जिसे 22 मई से 20 जून के बीच घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक के साथ साझा करना होगा। सत्यापन के बाद ही मकान सूचीकरण व जनगणना प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और जनभागीदारी से ही सफल हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया